पटेवा:दुकान बंद कर घर लौट रहे संचालक पर हमला, गला दबाकर दी जान से मारने की धमकी

महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पटेवा स्थित एक कृषि सेवा केंद्र के सामने दुकान संचालक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार ग्राम कौहाकुडा निवासी कृषि सेवा केंद्र संचालक 2 अगस्त को ग्राम पटेवा स्थित एसएन कृषि सेवा केंद्र में हिसाब-किताब का कार्य कर रहे थे। रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी के दौरान ग्राम तेन्दुवाही निवासी तिलक पटेल, अहिल्या पटेल, गोमती पटेल और पोशराम पटेल वहां पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली, गाली-गलौज करते हुए घर नहीं जाने देने की बात कही और विरोध करने पर एकजुट होकर हाथ, थप्पड़ और लात से मारपीट की। साथ ही गला दबाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट में उसके सिर, पीठ, सीने, गले और कंधे में चोट आई है। बीच-बचाव करने पहुंचे रवि दीवान के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के प्रत्यक्षदर्शी नरेश पटेल, रवि दीवान और खोम सिन्हा बताए गए हैं। वहीं पूरी घटना कृषि सेवा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।





























