पटेवा:तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

पटेवा। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर पटेवा तहसील कार्यालय के सामने बस की टक्कर से घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पटेवा पुलिस ने रॉयल मेट्रो बस क्रमांक CG06GZ1216 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिनोधा निवासी नोहर सिंह यादव (46 वर्ष), पिता रतन सिंह यादव, 14 अगस्त 2026 को अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HE0366 से पटेवा तहसील कार्यालय से निकलकर एनएच-53 पर पहुंचे थे। इसी दौरान सरायपाली की ओर से आ रही रॉयल मेट्रो बस के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में नोहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को उपचार के लिए महासमुंद के सोहम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 27 अगस्त 2026 को सुबह 5:07 बजे उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सड़क दुर्घटना में चेहरे की हड्डियों सहित कई जगह फ्रैक्चर होने से लगा सदमा बताया गया है।
मर्ग जांच के दौरान मृतक के पिता रतन सिंह यादव, भाई खेमराज यादव, पत्नी लता यादव सहित अन्य गवाहों के बयान लिए गए। गवाहों के कथन, घटनास्थल निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पटेवा पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



























