कोमाखान:करेला तोड़ने की बात पर हुआ विवाद, समझाइश देने पर बहू ने सास से की मारपीट

कोमाखान। महासमुंद जिले के ग्राम अमेरा में करेला तोड़ने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। सास ने अपनी बहू पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर गला दबाने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने 18 अक्टूबर 2026 को थाना कोमाखान पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 12 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे पीड़िता के पति रूपलाल साहू घर की बाड़ी में लगे करेले तोड़ रहे थे। इसी बात को लेकर उनकी बहू मालती साहू के साथ विवाद हो गया। उसी दिन रात करीब 8 बजे पीड़िता ने पति और बहू को छोटी-छोटी बातों पर विवाद नहीं करने की समझाइश दी।
आरोप है कि इस बात पर बहू मालती साहू नाराज हो गई और पीड़िता के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उसका गला दबा दिया। इस दौरान पति रूपलाल साहू और बेटे तिलक साहू ने बीच-बचाव किया। पीड़िता के अनुसार, मारपीट से उसके मुंह और गले में चोट आई है तथा दर्द हो रहा है।
पीड़िता ने पति से सलाह-मशविरा करने के बाद 18 अक्टूबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।






























