महासमुंद: घर में चोरों ने बोला धावा ले उड़े कीमती जेवरात सहित अन्य सामान

महासमुंद। आरक्षी केंद्र अंतर्गत घर में चोरी का मामला सामने आया है।सुखेंद्र प्रसाद द्विवेदी निवासी दीनदयाल कालोनी परसकोल रोड महासमुंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे एम.ए. तक शिक्षित हैं तथा शासकीय उच्च माध्यमिक शाला सोरिद में व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं। प्रार्थी दिनांक 01.05.2026 को अपने परिवार सहित परिचित रोशनी त्रिपाठी के घर शादी समारोह में शामिल होने ग्राम ब्यवहारी जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) गए हुए थे। घर से निकलते समय उन्होंने मकान के मुख्य दरवाजे एवं मेन गेट में ताला लगाया था।
दिनांक 18.05.2026 की रात्रि करीब 02:25 बजे उनके पड़ोसी रमेश सिन्हा ने मोबाइल फोन कर बताया कि उनके घर में चोर घुसे हुए हैं तथा घटना का वीडियो भी बनाकर भेजा। वीडियो देखने के बाद प्रार्थी आज ही अपने परिवार सहित वापस महासमुंद पहुंचे। शाम करीब 04:30 बजे घर पहुंचने पर देखा कि मेन गेट का ताला खुला हुआ था तथा घर के अंदर प्रवेश करने पर तीनों कमरों के ताले टूटे मिले। बेडरूम में रखे दो गोदरेज एवं बॉक्स के लॉक भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
अज्ञात चोर घर से चांदी की लक्ष्मी एवं गणेश प्रतिमा, लगभग 400 ग्राम चांदी, एक चांदी का लोटा, तीन चांदी की कटोरी, 12 नग छोटे-बड़े चांदी के सिक्के, पांच जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का शिवलिंग एवं बेलपत्र, दो सोने की अंगूठियां, नगदी 13 हजार रुपये, जिओ फाइबर सेट, सीसीटीवी डीवीआर, पावर किट एवं सेटअप बॉक्स सहित कुल लगभग 98 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए।
प्रार्थी ने बताया कि घटना 18.05.2026 की मध्यरात्रि लगभग 02:25 बजे से 03:30 बजे के बीच हुई है। कुछ सोने-चांदी के सामानों के बिल उनके पास उपलब्ध हैं तथा बरामद होने पर वे सामान की पहचान कर सकते हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध 305(a)-BNS, 331(4)-BNS तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































