पटेवा :ट्रक के पीछे घुसी कार, दो युवतियों की मौत, तीन घायल

महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम सिंधौरी के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा समरातल ढाबा के पास उस समय हुआ, जब संबलपुर (ओडिशा) से शादी समारोह में शामिल होकर कार से राजनांदगांव लौट रहे लोग दुर्घटना का शिकार हो गए। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर की सुबह करीब 7:20 बजे कार क्रमांक CG 08 S 9786 में सवार पांच लोग संबलपुर से राजनांदगांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सिंधौरी के पास सामने चल रहे एक अज्ञात ट्रक के चालक ने बिना कोई संकेत दिए अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
हादसे में कार सवार खदीजा गाजी (23 वर्ष) और तस्नीया खान (17 वर्ष) को गंभीर चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए तुमगांव स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार में सवार तारिख खान, शेख उजमा फातमी और आनिया घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल और महासमुंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पटेवा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।




























