सिंघोड़ा :ओडिशा से गुजरात ले जा रहे थे गांजा पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा

सिंघोड़ा । जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिंघोड़ा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल के पास चार आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 27 किलो 590 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 13 लाख 79 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन काले रंग के पिट्ठू बैग और चार मोबाइल फोन सहित कुल 14 लाख 5 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण साहू हमराह पुलिस स्टाफ के साथ जुर्म-जायरा पतासाजी के लिए निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चार व्यक्ति पिट्ठू बैग में गांजा रखकर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना से एसडीओपी सरायपाली को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया।
गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ और तलाशी के दौरान तीन काले रंग के पिट्ठू बैग से खाकी टेप में लिपटे गांजे के कुल 12 पैकेट बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर पहले बैग से 9.100 किलोग्राम, दूसरे बैग से 9.160 किलोग्राम और तीसरे बैग से 9.330 किलोग्राम गांजा मिला। इस प्रकार कुल 27.590 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
ओडिशा से गुजरात ले जाने की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के फूलबानी से गुजरात के अहमदाबाद ले जाने की बात बताई। हालांकि, गांजा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वीवो, दो रेडमी और एक एसीई कंपनी के मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 25,500 रुपये बताई गई है।
राजस्थान के रहने वाले हैं चारों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणछोड़ पटेल (28 वर्ष), प्रवीण कुमार पटेल (24 वर्ष), संजय सिंह (25 वर्ष) और नारायण वागड़ी (46 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों राजस्थान के सिरोही जिले के पिनवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।































