सिघोडा:नर्सरी में चोरों का धावा, वनरक्षक की बाइक लेकर फरार

सिंघोड़ा । थाना क्षेत्र में नर्सरी परिसर से मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने होंडा सीबी साइन मोटरसाइकिल को पार कर दिया। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम हरदा, थाना बसना निवासी चंद्रशेखर सिदार, जो सिंघोड़ा में वनरक्षक के पद पर पदस्थ हैं, ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई के नाम पर पंजीकृत होंडा सीबी साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GE6815 को 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे सिंघोड़ा नर्सरी परिसर में खड़ा किया था। इसके बाद वे अपने शासकीय आवास में सोने चले गए।
अगले दिन 13 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे जब वे उठे, तो मोटरसाइकिल निर्धारित स्थान से गायब थी। आसपास और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है।
प्रार्थी की शिकायत पर सिंघोड़ा पुलिस ने 17 अक्टूबर 2026 को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।





























