सिंघोड़ा :चप्पल से पीटा, जातिसूचक गाली दी और दी जान से मारने की धमकी

सिंघोड़ा । थाना क्षेत्र के ग्राम सरगुनाभाठा निवासी साईमन सोना ने गांव के निशामणी साहू के खिलाफ जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, 11 अगस्त की शाम करीब 7 बजे साईमन सोना अपने काम से ग्राम समदरहा गया था। इसी दौरान निशामणी साहू ने कथित रूप से चप्पल से मारपीट करते हुए जाति के नाम पर अभद्र गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान हृदयनाथ प्रधान और संजीव प्रधान ने बीच-बचाव कर मारपीट रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी द्वारा उनके साथ भी कथित रूप से गाली-गलौज किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
साईमन सोना ने 12 अगस्त को थाना सिंघोड़ा में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।





























