पटेवा:धान रोपाई करने गई 16 वर्षीय किशोरी लापता, अज्ञात आरोपी पर मामला दर्ज

पटेवा। ग्राम भलेसर निवासी जगेश्वर ध्रुव की 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री कु. रामेश्वरी ध्रुव के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी अपने बड़े पिता के घर ग्राम बनपचरी में धान की रोपाई के लिए गई थी। 9 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह बिना बताए कहीं चली गई और देर रात तक वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। 12 अगस्त तक तलाश के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने पर पिता ने थाना पटेवा में लिखित आवेदन देकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर गुम इंसान क्रमांक 54/2026 दर्ज किया है। नाबालिग किशोरी को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की संभावना को देखते हुए अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा किशोरी की तलाश एवं मामले की जांच की जा रही है।





























