पटेवा:दो साल के मासूम बेटे को लेकर घर से लापता हुई विवाहिता

पटेवा। महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलपदर से एक 26 वर्षीय विवाहिता अपने दो साल के मासूम बेटे को लेकर रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गई है। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 61/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोलपदर निवासी विक्रम पात्रो (22 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी द्रोपती पात्रो (26 वर्ष) 1 नवंबर 2026 की रात करीब 2 बजे बिना किसी को बताए अपने दो वर्षीय बेटे सत्या पात्रो को साथ लेकर घर से कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन मां-बेटे का कोई पता नहीं चल सका।
लापता महिला का हुलिया इस प्रकार है—कद लगभग 5 फीट 6 इंच, चेहरा गोल, बाल काले, रंग गोरा तथा शारीरिक बनावट सामान्य है। महिला कक्षा आठवीं तक पढ़ी है और हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है। घटना के समय उसने हल्के गुलाबी रंग का सलवार-सूट पहना हुआ था।
पटेवा पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा नियमानुसार धारा 140(3) बीएनएस के तहत भी अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। मां और मासूम बच्चे की तलाश के लिए संबंधित थाना-चौकियों एवं डीसीबी शाखा महासमुंद को सूचना भेजी गई है।





























