APK फाइल डाउनलोड करते ही महिला के बैंक खाते से लाखों रुपये पार जानिए मामला

सरसींवा। साइबर ठगों ने अब मोबाइल में APK फाइल भेजकर लोगों के बैंक खातों में सेंध लगाना शुरू कर दिया है। ऐसा ही एक मामला ग्राम गाताडीह में सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम के माध्यम से आई PM किसान ऐप जैसी दिखने वाली APK फाइल को टच करने के बाद महिला के बैंक खाते से दो दिनों में कुल 1 लाख 90 हजार रुपये निकाल लिए गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गाताडीह निवासी उमा बाई जायसवाल (36 वर्ष) के बैंक खाते से 13 अक्टूबर 2026 को 95 हजार रुपये और 14 अक्टूबर को फिर 95 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई। महिला के पति राजकुमार जायसवाल का मोबाइल 13 अक्टूबर को अचानक बंद हो गया था। 14 अक्टूबर को भी मोबाइल बंद रहने के कारण 15 अक्टूबर को वे उसे सरसींवा स्थित प्रतीक मोबाइल दुकान में बनवाने ले गए।
मोबाइल ठीक होने के बाद 16 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे बैंक खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि खाते से कुल 1 लाख 90 हजार रुपये गायब हो चुके हैं। शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर को महिला के मोबाइल पर इंस्टाग्राम के माध्यम से PM किसान ऐप जैसी दिखने वाली APK फाइल आई थी। जानकारी के अभाव में फाइल को टच करने के बाद मोबाइल हैक होने की आशंका जताई गई है। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन-पे ट्रांजेक्शन के माध्यम से खाते से रकम निकाल ली गई।
पीड़िता के पति ने 16 अक्टूबर को शाम 7:40 बजे साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर हेल्पलाइन से शिकायत का यूजर आईडी एवं एक्नॉलेजमेंट नंबर भी प्रदान किया गया। इसके बाद पीड़िता ने थाना सरसींवा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी से बचने की अपील: अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड न करें। किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आए ऐप को बिना जांचे इंस्टॉल न करें और बैंक खाते से संबंधित जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।






























