महासमुंद:बाइक टकराने से बची, फिर भी कर दी दो युवकों की पिटाई

महासमुंद। कचहरी चौक के पास मोटरसाइकिल में अचानक ब्रेक लगाने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बाइक सवार युवकों ने दो लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। घटना में दोनों को चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, लाफिनखुर्द के वार्ड क्रमांक 14 नेहरू चौक निवासी युवक 30 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे अपने दोस्त आदित्य ठाकुर के साथ मोटरसाइकिल से महासमुंद कचहरी चौक की ओर आ रहा था। इसी दौरान उनके आगे चल रही मोटरसाइकिल में सवार दो युवकों ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही उनकी मोटरसाइकिल टकराने से बच गई। इस बात को लेकर आगे चल रहे युवकों ने ठीक से वाहन नहीं चलाने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मारपीट में शिकायतकर्ता की दाहिनी आंख के पास चोट आई, जबकि आदित्य ठाकुर के कमर में चोट लगी। घटना के बाद दोनों को जिला अस्पताल महासमुंद ले जाकर उपचार कराया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट करने वाले एक युवक की पहचान टिकेश दास निवासी महासमुंद के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक का नाम पता नहीं चल पाया है। घटना के दौरान गिरधारी साहू एवं धर्मेंद्र साहू मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।




























