पंचायत भवन परिसर में शराब पीने से मना करने पर सरपंच से मारपीट जानिए मामला

सारंगढ बिलाईगढ। जिले के सलिहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुशभांठा में पंचायत भवन परिसर में शराब पीने से मना करना सरपंच को भारी पड़ गया। शराब पी रहे सात लोगों ने कथित तौर पर सरपंच के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुशभांठा के सरपंच चंद्रशेखर नायक 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच पंचायत भवन परिसर पहुंचे थे। वहां उन्होंने गांव के सुखदेव, सज्जन, पवन, उग्रसेन, दीपक, हेमराज और किसन को शराब पीते देखा। सरपंच द्वारा सार्वजनिक पंचायत भवन परिसर में शराब पीने से मना करने पर आरोपियों ने उनके साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी।
सरपंच द्वारा गाली देने से मना करने पर सज्जन, सुखदेव, पवन और उग्रसेन ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी सात लोगों ने मिलकर हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। घटना में सरपंच के सिर, बाएं हाथ, दोनों घुटनों और पीठ में चोटें आई हैं। इस दौरान गांव के विनोद कुमार, जयसिंह और रूपधर ने बीच-बचाव किया।
घटना के बाद सरपंच चंद्रशेखर नायक ने सलिहा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।






























