ज्यादा होशियार बनते हो’ कहकर युवक की पिटाई, पुलिस ने दर्ज किया अपराध

सारंगढ़। सारंगढ़ के बीडपारा निवासी जाहिद खान के साथ तुर्की तालाब के पास गाली-गलौज कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी शाहनवाज बानो की शिकायत पर सारंगढ़ पुलिस ने रितुराज और उसके साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। जाहिद खान तुर्की तालाब के पास पहुंचे थे, तभी बीडपारा निवासी रितुराज और उसके साथियों ने कथित तौर पर विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के, डंडे और बेल्ट से जाहिद खान की पिटाई की।
मारपीट में जाहिद खान के सिर, चेहरे, सीने, कंधे और पीठ में चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। तबीयत खराब होने पर जाहिद खान को शासकीय अस्पताल सारंगढ़ में भर्ती कराकर उपचार कराया गया।
पीड़ित की पत्नी शाहनवाज बानो ने 22 अक्टूबर को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।






























