देशी गायों से क्रॉसब्रीड तक का सफर, नीलाम्बर की सालाना आय पहुंची 9 लाख के पार पढ़े पूरी खबर

सारंगढ़। तहसील क्षेत्र के ग्राम योहिनापाली निवासी पशुपालक नीलाम्बर पटेल के लिए पशुपालन अब केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का प्रमुख आधार बन गया है। राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम (NAIP) और पशुपालन विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से उनके पशुधन की नस्ल में सुधार हुआ, जिसका सीधा असर दूध उत्पादन और आय पर पड़ा है।
कुछ वर्ष पहले नीलाम्बर के पास 6 देशी नस्ल की गायें थीं, जिनसे प्रतिदिन करीब 10 से 15 लीटर दूध ही प्राप्त होता था। सीमित आय के चलते परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा और खेती में निवेश करना चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने पशुपालन विभाग से संपर्क कर राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के तहत अपनी गायों में कृत्रिम गर्भाधान कराया।
नस्ल सुधार के बाद उनके पशुधन की तस्वीर बदल गई। वर्तमान में उनके पास 2 एचएफ क्रॉसब्रीड और 4 जर्सी क्रॉसब्रीड दुधारू गायें हैं। इसी प्रक्रिया से जन्मी एक जर्सी क्रॉसब्रीड बछिया भी उनके डेयरी व्यवसाय के भविष्य को मजबूत कर रही है। उन्नत नस्ल की गायों से अब प्रतिदिन करीब 60 से 65 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है।
नीलाम्बर दूध को स्थानीय निजी होटलों और ग्राहकों को 50 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचते हैं। इससे उन्हें प्रतिदिन लगभग 2400 से 2600 रुपये की आय हो रही है। इस आधार पर उनकी मासिक आय करीब 72 हजार से 78 हजार रुपये तथा वार्षिक आय लगभग 8.76 लाख से 9.36 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
पशुपालन विभाग की स्वास्थ्य सेवाओं का भी उन्हें लगातार लाभ मिल रहा है। पशुओं का समय-समय पर टीकाकरण, कृमिनाशन, जूं नियंत्रण, स्वास्थ्य परीक्षण और रोग नियंत्रण संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसके अलावा नीलाम्बर पशुपालन को खेती से जोड़कर गोबर से जैविक खाद तैयार कर खेतों में उपयोग कर रहे हैं। इससे रासायनिक उर्वरकों पर होने वाला खर्च कम होने के साथ भूमि की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिल रही है।
नीलाम्बर पटेल की यह सफलता दर्शाती है कि आधुनिक तकनीक, शासकीय योजनाओं का लाभ, विभागीय मार्गदर्शन और मेहनत के जरिए पशुपालन ग्रामीण परिवारों के लिए स्थायी आय और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन सकता है। योहिनापाली की यह सफलता अब क्षेत्र के अन्य पशुपालकों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।






























