बंदारी मोड़ के आगे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत

भटगांव। थाना क्षेत्र के बंदारी मोड़ के आगे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 65 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला का पति भी मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरायपाली निवासी सेवकराम साहू अपनी पत्नी बुंद कुंवर साहू (65 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GG 2453 से ग्राम पवनी से अपने घर सरायपाली लौट रहे थे। इसी दौरान भटगांव बंदारी मोड़ के आगे सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 04 RD 1676 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से पति-पत्नी मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान ट्रक का पहिया बुंद कुंवर साहू के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनका सिर बुरी तरह कुचल गया। घटना के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा एवं परिजनों तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में ट्रक चालक की तेज रफ्तार एवं लापरवाही से दुर्घटना होना पाए जाने पर थाना भटगांव में आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। घटना की सूचना एसडीएम को भी भेजी गई है।





























