भंवरपुर:पीडीएस दुकान पर चोरों का धावा, आधा कटा मिला ताला, राशन गायब

भंवरपुर। ग्राम गढ़गांव स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने 30 कट्टा चावल और एक बोरी शक्कर चोरी कर ली। चोरी किए गए राशन की कुल कीमत 62 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में चौकी भंवरपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिलखंड निवासी पुनेई बाई चौहान मुस्कान महिला स्व सहायता समूह की सचिव हैं। समूह द्वारा ग्राम गढ़गांव में शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन किया जाता है। पुनेई बाई दुकान की देखरेख, राशन वितरण एवं हिसाब-किताब का कार्य करती हैं।
बताया गया कि 28 अक्टूबर को बारिश होने के कारण राशन वितरण नहीं हो पाया था। इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे दुकान और राशन रखने वाले कमरे में ताला लगाकर वह घर चली गई थीं। 2 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम गढ़गांव के तेजू पटेल ने फोन कर दुकान के चैनल गेट का निचला हिस्सा ऊपर उठा होने की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुनेई बाई मौके पर पहुंचीं और सरपंच व उपसरपंच को भी बुलाया। जांच करने पर चैनल गेट का निचला हिस्सा मुड़ा हुआ मिला तथा ताला आधा कटा हुआ लटका था। दुकान के अंदर जाकर देखने पर चावल रखने वाले कमरे का ताला भी टूटा हुआ मिला। सामान का मिलान करने पर 30 कट्टा चावल (15 क्विंटल) और 50 किलो शक्कर की एक बोरी गायब मिली।
चोरी गए चावल की कीमत 58 हजार 500 रुपये तथा शक्कर की कीमत 4 हजार रुपये बताई गई है। अज्ञात चोर 28 अक्टूबर की सुबह 11:30 बजे से 2 नवंबर की सुबह 8:30 बजे के बीच कुल 62 हजार 500 रुपये का राशन चोरी कर ले गए।
प्रार्थिया की लिखित शिकायत पर चौकी भंवरपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।






























