भंवरपुर:दशगात्र कार्यक्रम में जा रहे परिवार का रास्ता रोका, जीजा पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप जानिए क्या है मामला

भंवरपुर। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी भंवरपुर के ग्राम रामभाठा चौक पर रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता हरिशंकर कश्यप (49 वर्ष), निवासी ग्राम दलदली ने अपने जीजा उत्तम कुमार पटेल, निवासी ग्राम टांगापासा पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 21 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे हरिशंकर कश्यप अपनी पत्नी पुलबाई कश्यप और 11 वर्षीय नातिन के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम उडेला में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम रामभाठा चौक के पास उनके जीजा उत्तम कुमार पटेल ने कथित तौर पर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे से हरिशंकर की दाहिनी भुजा पर दो बार वार किया। बीच-बचाव करने पर उनकी पत्नी को भी धक्का देकर गिरा दिया।
घर पहुंचकर पिता और पत्नी की बहन से भी मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुछ समय बाद उन्हें जानकारी मिली कि उत्तम कुमार पटेल ग्राम दलदली स्थित उनके घर पहुंचा और वहां उनकी बहन सुमित्रा पटेल के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट करते हुए उसका दाहिना हाथ मरोड़ दिया। आरोप है कि उसने उनके पिता के साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलने पर हरिशंकर अपने परिवार के साथ घर पहुंचे और बाद में चौकी भंवरपुर जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी उत्तम कुमार पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।































