भंवरपुर:शराब दुकान में बीयर को लेकर बवाल, सेल्समैन के सिर से निकला खून जानिए मामला

भंवरपुर। ग्राम चनाट स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान में बीयर गर्म होने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि चार लोगों ने दुकान के सेल्समैन के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे सुपरवाइजर के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बसना वार्ड क्रमांक 5 निवासी कमलेश धृतलहरे (23 वर्ष) ग्राम चनाट की देशी कंपोजिट मदिरा दुकान में सेल्समैन का काम करता है। 25 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम बिलखण्ड निवासी विद्यासागर, विजय भोई, सुरेन्द्र चौहान एवं जगदीश चौहान दुकान पहुंचे और बीयर मांगी। सेल्समैन द्वारा बीयर देने पर आरोपियों ने बीयर गर्म होने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, चारों ने एक राय होकर सेल्समैन के साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान उसके सिर, बाएं हाथ और कपाल के पास चोट लगने तथा खून निकलने की बात कही गई है। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे सुपरवाइजर दिनेश डडसेना के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के समय कुंजन पटेल के पिता सहित अन्य लोग मौजूद थे।
पीड़ित की शिकायत पर चौकी भंवरपुर पुलिस ने विद्यासागर, विजय भोई, सुरेन्द्र चौहान एवं जगदीश चौहान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।































