तेदुकोना:मोटर वाइंडिंग दुकान से लाखों के कॉपर तार और नकदी पार

तेंदूकोना। महासमुंद जिले के तेंदूकोना थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने मोटर वाइंडिंग की दुकान का ताला तोड़कर करीब 1 लाख 61 हजार 500 रुपये के कॉपर तार और नकदी की चोरी कर ली। दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टूरीझर निवासी जीवन साहू पिता जगेश्वर साहू की तेंदूकोना मेन रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास साहू मोटर वाइंडिंग नाम से दुकान है। जीवन साहू 24 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। अगले दिन 25 अक्टूबर की सुबह करीब 8:40 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर दुकान से कॉपर तार और गल्ले में रखी नकदी गायब थी।
चोरी गए सामान में करीब 100 किलोग्राम पुराना रिवाइंडिंग कॉपर तार, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये, 20 किलोग्राम नया कॉपर तार, जिसकी कीमत करीब 31 हजार रुपये, तथा गल्ले में रखे 500 रुपये नकद शामिल हैं। इस तरह चोरी गए सामान और नकदी की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 61 हजार 500 रुपये बताई गई है।
घटना के बाद दुकान संचालक ने थाना तेंदूकोना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा अज्ञात चोर की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।





























