बलोदा में डॉ. संजय अग्रवाल की निःशुल्क ओपीडी बनी वरदान, ग्रामीण मरीजों को मिल रहा विशेषज्ञ इलाज

बलोदा में डॉ. संजय अग्रवाल की निःशुल्क ओपीडी बनी वरदान, ग्रामीण मरीजों को मिल रहा विशेषज्ञ इलाज
बलोदा (सरायपाली)। ग्रामीण एवं अंचल के क्षेत्रों तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में रामअवतार हॉस्पिटल सरायपाली के वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय अग्रवाल की पहल रंग ला रही है। डॉ. अग्रवाल द्वारा आध्या मेडिकल, बलोदा में विगत 5-6 सप्ताह से प्रत्येक सप्ताह निःशुल्क ओपीडी सेवा दी जा रही है, जिसका लाभ आसपास के दर्जनों गांवों की महिलाओं और गंभीर मरीजों को मिल रहा है।
क्षेत्र में लंबे समय से एक अनुभवी व विशेषज्ञ स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी महसूस की जा रही थी। सामान्य जांच या जटिल स्त्री रोगों के परामर्श के लिए मरीजों को बड़े शहरों या दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों का भारी नुकसान होता था। अब बलोदा में ही नियमित निःशुल्क ओपीडी मिलने से स्थानीय महिलाओं को बड़ी राहत मिली है।
विगत डेढ़ माह से जारी इस सेवा के दौरान डॉ. अग्रवाल द्वारा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, बांझपन परामर्श, माहवारी से जुड़ी समस्याएं एवं अन्य जटिल महिला रोगों का निःशुल्क परीक्षण कर उचित चिकित्सकीय सलाह दी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों एवं मरीजों का कहना है कि अनुभवी चिकित्सक का उनके क्षेत्र में आकर निरंतर सेवा देना अत्यंत सराहनीय है। निःशुल्क परामर्श और सही मार्गदर्शन मिलने से क्षेत्र की महिलाओं के स्वास्थ्य स्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने इस जनहितैषी प्रयास के लिए डॉ. संजय अग्रवाल और आध्या मेडिकल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है।






























