पटेवा:दर्शन करने गया दुकानदार, अज्ञात चोर ले उड़ा मोटरसाइकिल

पटेवा। मुंगई माता मंदिर बावनकेरा में दर्शन करने पहुंचे एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल अज्ञात चोर ने पार कर दी। पीड़ित गोवर्धन प्रसाद साने, निवासी ग्राम छिंदौली, थाना पटेवा, जिला महासमुंद ने मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत पुलिस से की है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोवर्धन प्रसाद ग्राम छिंदौली में किराना दुकान संचालित करते हैं। 17 अक्टूबर 2026 को वे अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GM-2946 से मुंगई माता मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने मंदिर के सामने पार्किंग स्थल पर मोटरसाइकिल खड़ी की और पहाड़ी पर स्थित मंदिर में दर्शन करने चले गए। दर्शन के बाद दोपहर करीब 3 बजे वापस लौटे तो पार्किंग स्थल से उनकी मोटरसाइकिल गायब थी।
उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चला। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 8 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित ने 18 अक्टूबर को थाना पटेवा में लिखित आवेदन देकर मोटरसाइकिल बरामद करने और मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।





























