पटेवा:अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ा, 6,200 रुपये लेकर फरार

पटेवा।थाना क्षेत्र के झलप स्थित एक ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान में अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में सेंध लगाकर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम खुशरूपाली निवासी, जो ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान का संचालन करते हैं, ने बताया कि 12 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे वह छिलपावन चौक, झलप स्थित अपनी राधिका ट्रैक्टर्स दुकान बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन 13 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे दुकान पहुंचने पर दोनों शटरों के ताले टूटे मिले।
दुकान के अंदर जाकर देखने पर गल्ले (दराज) का ताला भी टूटा हुआ था। जांच करने पर गल्ले में रखी दैनिक लेन-देन की नकदी गायब मिली। हिसाब मिलाने पर 10, 20, 100, 200 और 500 रुपये के नोट सहित कुल 6,200 रुपये चोरी होना पाया गया।
घटना की जानकारी दुकान के पास के दुकानदार को देने के बाद आसपास अज्ञात चोर की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने खल्लारी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

































