पटेवा:बाइक की टक्कर से 36 वर्षीय यूवक की मौत पढ़े पूरी खबर

महासमुंद। जिले के झलप में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के सर्विस रोड पर सड़क दुर्घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पटेवा पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04QW-3514 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रूमेकेल निवासी कार्तिक खड़िया (36 वर्ष), पिता शिवप्रसाद खड़िया, 1 अगस्त 2026 की रात करीब 11:50 बजे झलप स्थित एनसीसी अस्पताल से पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान झलप हाईस्कूल के सामने एनएच-53 के सर्विस रोड पर मोटरसाइकिल चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल कार्तिक को उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 3 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मस्तिष्क को गंभीर क्षति पहुंचना मृत्यु का कारण बताया गया है।
मर्ग डायरी के अवलोकन, परिजनों के कथन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पटेवा पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



























