पटेवा:नशामुक्ति अभियान चला रहीं महिलाओं से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी

पटेवा। ग्राम सरेकेल में गांव को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान चला रहीं गुलाबी गैंग की महिला सदस्यों के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में सिलोचना बरिहा ने थाना पटेवा में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 12 अगस्त की शाम करीब 5 बजे सिलोचना बरिहा गांव की करीब 14-15 महिलाओं के साथ नशामुक्ति अभियान के तहत लोगों को समझाइश देने निकली थीं। महिलाएं किशनदास वैष्णव के घर के पास पहुंचीं, जहां पहले से मौजूद हरदीप दास वैष्णव और गौतम पटेल ने महिलाओं को देखकर शराबबंदी को लेकर सवाल किया और कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करने लगे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक महिलाओं ने गांव की भलाई के लिए नशामुक्ति अभियान चलाने की बात कही और गाली देने से मना किया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में सुमित्रा ध्रुव, ओमनी साहू, थानबाई बरिहा, धनैया साहू सहित अन्य महिलाओं की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया है।
सिलोचना बरिहा ने थाना प्रभारी पटेवा से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।






























