भंवरपुर :शराब के नशे में भाई ने गला दबाकर मारने की कोशिश, बेटे ने बचाई पिता की जान

भंवरपुर। ग्राम भंवरपुर में शराब के नशे में एक युवक द्वारा अपने ही बड़े भाई के घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने तथा गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राजकुमार निषाद (35) ने चौकी भंवरपुर में लिखित शिकायत देकर बताया कि उसका छोटा भाई सेतकुमार निषाद पिछले कुछ दिनों से शराब के नशे में घर आकर गाली-गलौज और मारपीट करता है। 12 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे सेतकुमार शराब के नशे में उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसने राजकुमार का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के दौरान उसका बेटा कोमल घर में मौजूद था, जिसने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। राजकुमार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चौकी भंवरपुर से प्राप्त देहाती नालसी के आधार पर थाना बसना में आरोपी सेतकुमार निषाद के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।






























