महासमुंद:कचहरी चौक पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर, स्कूटी सवार गंभीर घायल

महासमुंद। शहर के कचहरी चौक के पास 10 अगस्त की शाम तेज रफ्तार बाइक सवारों ने सड़क पार करने के लिए खड़े स्कूटी सवार व्यास नारायण शर्मा को टक्कर मार दी। हादसे में उनके पैर में चोट आई, वहीं बाद में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार डॉक्टरों ने उनके मस्तिष्क में क्लॉटिंग पाए जाने की जानकारी दी है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 26 क्लब पारा निवासी व्यास नारायण शर्मा शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच अपनी लाल रंग की स्कूटी से दुकान की ओर जा रहे थे। कचहरी चौक के पास सड़क पार करने के लिए खड़े थे, तभी विपरीत दिशा से एक बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए आए और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों बाइक सवार मौके पर रुके बिना फरार हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को उठाकर उनके घर पहुंचाया। रात में ब्लड प्रेशर और शुगर बढ़ने के साथ उल्टियां होने पर परिजनों ने एंबुलेंस बुलाकर उन्हें रायपुर के वीवाई अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के बाद चिकित्सकों ने ब्रेन में क्लॉटिंग की बात बताई और गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में शिफ्ट किया। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने ब्रेन की मेजर सर्जरी की आवश्यकता भी बताई है।
पीड़ित की पत्नी निरंजना शर्मा ने थाना महासमुंद में लिखित शिकायत देकर अज्ञात तीन बाइक सवारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कचहरी चौक एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर आरोपियों और उनके वाहन की पहचान करने का अनुरोध किया गया है।




























