महासमुंद:चौकीदार ड्यूटी पर, घर में चोरों का धावा सोने के जेवर सहित नगदी रकम पार

चौकीदार ड्यूटी पर, घर में चोरों का धावा; सोने के जेवर सहित नगदी रकम पार
महासमुंद। शहर के वार्ड नंबर 10 खैरा में अज्ञात चोर ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने के जेवर और मोबाइल फोन सहित कुल 90 हजार 500 रुपये के सामान की चोरी कर ली। पीड़ित की शिकायत के अनुसार घटना 21 अक्टूबर 2026 की शाम से रात के बीच की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 10 खैरा निवासी प्रार्थी पीडब्ल्यूडी (PWD) महासमुंद कार्यालय में चौकीदार के पद पर कार्यरत है। उसने 21 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे अपने घर में ताला लगाकर ड्यूटी के लिए कार्यालय चला गया था। रात करीब 9 बजे खाना खाने घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। अंदर जाकर देखने पर बेडरूम के दरवाजे का ताला भी टूटा हुआ था और बिस्तर बिखरा पड़ा था।
बिस्तर के नीचे रखे सामान की जांच करने पर एक पुरानी सोने की चेन, जिसकी कीमत 65 हजार रुपये, एक सोने का लॉकेट तीन हजार रुपये और एक सोने की अंगूठी 22 हजार रुपये की गायब मिली। इन सोने के जेवरों का कुल वजन लगभग 18 ग्राम और कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक पुराना की-पैड मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 500 रुपये है, भी गायब था। चोरी गए सामान की कुल कीमत 90 हजार 500 रुपये बताई गई है।
घर में खोजबीन करने और सामान का पता नहीं चलने पर प्रार्थी ने परिवार से सलाह लेने के बाद 22 अक्टूबर 2026 को थाने पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी को संदेह है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।





























