सांकरा:रात में दुकान बंद, सुबह दराज खाली सीसीटीवी फुटेज से चोरी का खुलासा

सांकरा। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम बल्दीडीह में किराना दुकान से 10 हजार रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक राजू डडसेना की शिकायत पर पुलिस ने अनिल यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बल्दीडीह निवासी राजू डडसेना हाईवे रोड किनारे किराना दुकान संचालित करते हैं। वे प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दुकान खोलते हैं। 19 अक्टूबर 2026 की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 20 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे जब उन्होंने दुकान खोली और दराज की जांच की, तो उसमें रखे 10 हजार रुपये गायब मिले।
दुकान संचालक के मुताबिक, दराज में 500 रुपये के 2 नोट, 200 रुपये के 20 नोट, 100 रुपये के 25 नोट और 50 रुपये के 50 नोट रखे थे। चोरी का पता चलने पर उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। शिकायत के अनुसार, फुटेज में गांव का अनिल यादव दुकान के शटर के ऊपर से चढ़ते हुए दिखाई दिया। दुकान संचालक ने चोरी का आरोप लगाते हुए सांकरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



























