बसना

बसना:बेटे के साथ दुकान जा रही महिला से मारपीट, पति समेत चार पर आरोप

बसना। पारिवारिक विवाद के चलते ग्राम नरसिंगपुर में एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति, सास और दो ननदों पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराकर महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति दिवाकर बारिक के साथ विवाह विच्छेद का प्रकरण परिवार न्यायालय महासमुंद में चल चुका है। न्यायालय के आदेश को चुनौती देते हुए उसने उच्च न्यायालय बिलासपुर में भी याचिका दायर की है, जो वर्तमान में विचाराधीन है। महिला अपने बेटे सौर्य बारिक और बेटी संस्कृति बारिक के साथ ग्राम नरसिंगपुर में दूसरे मकान में रह रही है।
महिला ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह अपने बेटे के साथ सामान खरीदने दुकान जा रही थी। इसी दौरान पति के घर के सामने पहुंचने पर उसकी बड़ी ननद सविता साहू ने उसे भाई के बनाए घर में रहने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पति दिवाकर बारिक, ननद सुनीता प्रधान और सास भूमिसुता बारिक भी घर से बाहर आ गए।
पीड़िता का आरोप है कि चारों ने एकराय होकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पति ने पास में रखे डंडे और लात से, सास ने हाथ से तथा दोनों ननदों ने चप्पल से मारपीट की। घटना में उसके बाएं हाथ, सिर, पीठ और दाहिने पैर में चोट लगने तथा दर्द होने की बात कही गई है।
महिला ने घटना की जानकारी अपने चाचा हेम कुमार साहू निवासी चोरभट्ठी को मोबाइल के माध्यम से दी। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!