पटेवा:तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग महिला घायल, रायपुर एम्स में चल रहा उपचार

पटेवा। ग्राम पचरी में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल चलाने से एक बुजुर्ग महिला सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में महिला के सिर, दाहिने पैर, बाएं हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पचरी निवासी जितेंद्र साहू ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे उसकी मां प्रेमाबाई साहू घर के सामने खड़ी थीं। इसी दौरान बागबाहरा की ओर से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HD6766 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल महिला को उपचार के लिए झलप अस्पताल ले जाया गया। बाद में डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया।
घटना के समय जितेंद्र साहू की पत्नी देवकी साहू और पिता खिरोद्र चरण साहू मौके पर मौजूद थे। घटना के संबंध में जितेंद्र साहू ने 10 अक्टूबर 2026 को थाना पटेवा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।



























