पटेवा:NH-53 पर मोबाइल दुकान में चोरी, शटर उखाड़कर नगदी और मोबाइल ले उड़े चोर

पटेवा। महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोर ने मोबाइल दुकान का शटर उखाड़कर नगदी रकम और मोबाइल फोन चोरी कर लिए। दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भावा निवासी पवन यादव ने पटेवा के NH-53 रोड स्थित नेकेश कॉम्प्लेक्स में श्री बालाजी मोबाइल एवं रिपेयरिंग नाम से दुकान संचालित करता है। 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह दुकान बंद कर शटर में ताला लगाकर अपने गांव चला गया था। अगले दिन 15 अक्टूबर की सुबह करीब 6:10 बजे नेकेश देवांगन ने फोन कर उसे दुकान का शटर निकला होने की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पवन यादव अपने भाई मनोज यादव के साथ दुकान पहुंचा। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने शटर को फ्रेम से उखाड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे 4,500 रुपये नगद सहित रिपेयरिंग के लिए रखे तीन पुराने मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 15,500 रुपये बताई गई है।
घटना के संबंध में दुकान संचालक ने 18 अक्टूबर 2026 को पटेवा थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।



























