खल्लारी:सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक चोरी, अज्ञात आरोपी की तलाश

खल्लारी। खल्लारी माता के दर्शन कर लौट रहे युवकों की बाइक को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं एक युवक को गंभीर चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान घटनास्थल पर खड़ी एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत खल्लारी थाने में दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पतेरापाली, थाना महासमुंद निवासी युवक 15 अक्टूबर 2026 को अपने साथी कुंदन सबर के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HM 9762 से खल्लारी माता के दर्शन के लिए आया था। उनके साथ नोहर यादव, नरेश यादव और साहिल सबर दूसरी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GA 4937 से पहुंचे थे। 16 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे दर्शन कर वापस लौटते समय नवागांव के पास एनएच-353 पर हाड़ाबंद ओवरब्रिज से पहले उनकी मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिलों को सड़क किनारे खड़ा किया गया।
इसी दौरान पीछे से आ रही बस क्रमांक CG 23 E 0201 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। कुंदन सबर को अधिक चोटें आईं, जबकि अन्य साथियों को सामान्य चोटें आईं। घायलों को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कुंदन सबर को सुबह सोहम अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया।
इसके बाद पीड़ित अपने साथियों और कुंदन के बड़े पिता मोहन सबर के साथ खल्लारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जब वे घटनास्थल पर लौटे, तो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HM 9762 वहां से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का पता नहीं चला। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित ने 18 अक्टूबर को खल्लारी थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।




























