खल्लारी :एनएच-353 पर आमने-सामने की भिड़ंत, पति-पत्नी घायल

खल्लारी/महासमुंद। थाना खल्लारी क्षेत्र अंतर्गत हुए एक सड़क हादसे में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 24 मई 2026 की बताई जा रही है, जिसकी रिपोर्ट पीड़ित द्वारा उपचार के बाद 18 जून को थाना पहुंचकर दर्ज कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोहारडीह निवासी कुंजल बंजारे अपनी पत्नी केशर बाई बंजारे के साथ महासमुंद स्थित सोहम अस्पताल में एक रिश्तेदार को देखने गए थे। वहां से दोनों मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HE 9653 से अपने गांव लौट रहे थे। सुबह लगभग 10:30 बजे एनएच-353 मार्ग पर ग्राम ओंकारबंद के पास चंद्राकर होटल के समीप पहुंचने पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 1262 के चालक ने कथित रूप से तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में कुंजल बंजारे एवं उनकी पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की सहायता से दोनों को शासकीय अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद केशर बाई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सोहम अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। अस्पताल में दोनों का उपचार किया गया तथा पत्नी को लगभग 15 दिनों तक भर्ती रहकर इलाज कराना पड़ा।
पीड़ित कुंजल बंजारे ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि लंबे समय तक इलाज चलने के कारण वे पहले रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। उपचार के बाद उन्होंने थाना खल्लारी पहुंचकर दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए दोषी वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।































