खल्लारी :मामाभांचा मोड़ पर एंबुलेंस और बाइक में भिड़ंत, कॉलेज से घर लौट रहे युवक की मौत

महासमुंद। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार 26 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर मामाभांचा मोड़ के पास एंबुलेंस और मोटरसाइकिल के बीच हुई भिड़ंत में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम बोहारडीह निवासी हुमेश कुमार मन्नाडे (25 वर्ष), पिता सोमन लाल मन्नाडे, सोमवार को महासमुंद के एमवीपीजी कॉलेज में पढ़ाई के लिए गया था। वह अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GR 8166 से वापस घर लौट रहा था। दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह एनएच-353 पर मामाभांचा मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही ईको एंबुलेंस क्रमांक CG 06 GW 0144 से उसकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, एंबुलेंस चालक वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। टक्कर के कारण हुमेश के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागबाहरा ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि घटना को हुसेन कुमार मन्नाडे ने देखा है। हादसे की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की गई है। घटना से ग्राम बोहारडीह में शोक का माहौल है।






























