खल्लारी:दर्जी के पास कपड़े सिलाने जाने की बात कहकर निकली युवती लापता जानिए क्या है पुरा मामला

खल्लारी। महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम आमाकोनी से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 45/2026 दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आमाकोनी निवासी डेरहा राम चक्रधारी (47 वर्ष) ने 9 अक्टूबर 2026 को थाना खल्लारी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री लुकेश्वरी चक्रधारी (19 वर्ष) 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे कपड़े सिलाने के लिए दर्जी के पास जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी।
परिजनों ने युवती की आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पिता ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुम इंसान क्रमांक 45/2026 कायम कर जांच शुरू की है। युवती के लापता होने और उसके ठिकाने की जानकारी नहीं मिलने के कारण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत भी मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
लापता युवती का हुलिया: युवती की लंबाई लगभग 4 फीट 6 इंच, चेहरा गोल, बाल लंबे व काले तथा रंग गोरा है। वह घटना के समय संतरे रंग का सलवार-सूट और सफेद रंग की लेगिंग पहने हुए थी। युवती ने कक्षा नौवीं तक पढ़ाई की है तथा हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।
पुलिस ने युवती की तलाश के लिए संबंधित थाना-चौकियों एवं जिला अपराध अभिलेख शाखा (डीसीबी), महासमुंद को सूचना भेजी है।




























