खल्लारी :घर में घुसकर सरपंच व उनके पति को दी जान से मारने की धमकी जानिए मामला

खल्लारी। थाना खल्लारी क्षेत्र के ग्राम पचेड़ा में एक सरपंच दंपति के साथ कथित रूप से घर में घुसकर जातिसूचक गाली-गलौज, अश्लील अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पचेड़ा निवासी जितेन्द्र टंडन, जो खेती-किसानी के साथ किराना दुकान संचालित करते हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि 12 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच गांव का निवासी खिलावन दुबे उनके घर एवं दुकान में घुस आया। आरोप है कि उसने जितेन्द्र टंडन तथा उनकी पत्नी श्यामबाई टंडन, जो वर्तमान में ग्राम पंचायत पचेड़ा की सरपंच हैं, के साथ जातिसूचक एवं अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 13 जुलाई की सुबह आरोपी दोबारा घर पहुंचा और पुनः जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर दोनों को अपमानित किया। पीड़ित पक्ष ने बताया कि घटना के दौरान डायल-112 पर सूचना भी दी गई थी। मामले के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में लिंकन कुर्रे एवं राकेश घृतलहरे के नाम शिकायत में दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने आवेदन के परीक्षण के बाद आरोपी खिलावन दुबे के विरुद्ध बीएनएस की धारा 331(3), 296, 351(3) तथा एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(ध) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।































