कोमाखान:ईंट भट्ठे में काम पर जाने के नाम पर जंगल ले जाकर मारपीट

कोमाखान। ग्राम टेका के देवसागर पारा जंगल में एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित कमल साय नेताम (45 वर्ष), निवासी टुहलू बरपारा, की शिकायत पर पुलिस ने कमल मरकाम और उसकी पत्नी प्रर्मिला मरकाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कमल मरकाम ने पिछले वर्ष ईंट भट्ठे में काम करने जाने के लिए कमल साय नेताम को 4 हजार रुपये दिए थे। लेकिन वह ईंट भट्ठे में काम करने नहीं जा सका। इसके बाद रुपये वापस मांगने पर कमल मरकाम ने अगले वर्ष काम पर जाने की बात कहते हुए रुपये अपने पास रखने को कहा।
आरोप है कि 24 अक्टूबर 2026 को कमल मरकाम ने ईंट भट्ठे में काम पर जाने और रुपये लेने की बात कहकर कमल साय नेताम को दोपहर करीब 2 बजे जंगल में ले गया। वहां कमल मरकाम और उसकी पत्नी प्रर्मिला मरकाम ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान देवसागर पारा के दो लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया और अपने घर ले गए।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट में उसकी दोनों जांघों, बाएं पैर के अंगूठे, दोनों हाथों की कोहनी, पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पारिवारिक सलाह के बाद उसने 26 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






























