तेदुकोना:ब्यारा में रखे धान की चोरी जानिए मामला

तेन्दूकोना। ग्राम धामनतोरी में ब्यारा (बाड़ा) में रखे धान की चोरी का मामला सामने आया है। किसान राधेश्याम पटेल ने गांव के ही अर्जुन दीवान (23 वर्ष) पर 9 कट्टा धान चोरी कर अलग-अलग गांवों की किराना दुकानों में बेचने का आरोप लगाते हुए थाना तेन्दूकोना में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, राधेश्याम पटेल के पास स्वयं की 16 एकड़ जमीन है। इसके अलावा उन्होंने अन्य किसानों से अधिया-रेगहा पर करीब 20 एकड़ जमीन लेकर फसल लगाई थी। रवि फसल का बचा हुआ 23 कट्टा धान उन्होंने ग्राम धामनतोरी से झलप रोड जाने वाले कच्चे मार्ग पर स्थित अपने ब्यारा में रखा था।
किसान के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे उन्होंने धान की जांच की थी, तब सभी कट्टे सुरक्षित थे। अगले दिन 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे ब्यारा पहुंचने पर कुछ धान नीचे बिखरा मिला। कट्टों की गिनती करने पर 9 कट्टा धान गायब पाया गया। चोरी गए धान का कुल वजन 360 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 8,640 रुपये बताई गई है।
आसपास पूछताछ करने पर किसान को पता चला कि ग्राम धामनतोरी के अर्जुन दीवान ने ग्राम जोबा कला के किराना व्यापारी ईश्वर प्रसाद यादव तथा ग्राम नरतोरा के जनरल स्टोर संचालक जय किशन यादव को कई बार कट्टों में धान बेचने के लिए दिया था। इसके बाद मोहन प्रसाद दुबे, संतोष कुमार पटेल, पंचराम दीवान, नरेश कुमार नायक और ग्राम कोटवार अलखराम कुलदीप की मौजूदगी में अर्जुन से पूछताछ की गई।
शिकायत के अनुसार, पूछताछ के दौरान अर्जुन ने कथित तौर पर ब्यारा से 9 कट्टा धान चोरी करना स्वीकार किया। इसमें से 4 कट्टा धान जोबा कला के ईश्वर प्रसाद यादव और 5 कट्टा धान नरतोरा के जय किशन यादव को बेचने की बात सामने आई। किसान ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए थाना तेन्दूकोना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।






























