बसना: दो लाख की मांग, वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप वाहन में तोड़फोड़ की शिकायत

बसना। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरको में दो लाख रुपये की मांग करने, धमकी देने और वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। गांव के प्रेमसागर साहू की लिखित शिकायत पर पुलिस ने गजानंद साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 296, 324(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रेमसागर साहू ने आरोप लगाया है कि 19 अक्टूबर 2026 की रात गजानंद साहू ने मोबाइल पर संदेश भेजकर उससे दो लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई और गाली-गलौज भी की गई। इस घटना से वह और उसका परिवार भयभीत हैं।
अन्य ग्रामीणों से भी रुपये मांगने का आरोप
शिकायत में प्रेमसागर साहू ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति ने गांव के अन्य लोगों से भी रुपये की मांग करते हुए धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, 6 और 7 अक्टूबर को अभिमन्यु सोई से पांच हजार रुपये मांगने, 10 अक्टूबर को शिकायतकर्ता के पिता राजूलाल साहू से पांच हजार और बाद में तीन हजार रुपये मांगने तथा स्वरूप प्रधान को धमकी भरे संदेश भेजने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, एक अन्य ग्रामीण से 50 हजार रुपये की मांग कर पांच हजार रुपये लेने की बात भी शिकायत में कही गई है।
वाहन में तोड़फोड़ की शिकायत
शिकायतकर्ता के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे गांव में विवाद के दौरान उपेन्द्र साहू को ट्रैक्टर जलाने की धमकी दी गई। साथ ही, निलांबर पारेश्वर की दुकान के बाहर रखे टेबल-कुर्सी और मनोहर मुखर्जी के वाहन क्रमांक CG06 GP 0552 में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
प्रेमसागर साहू ने पुलिस से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। बसना पुलिस ने 25 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज कर जांच में लिया है।




























