तुमगांव:बाजा बजाने जाने की बात कहकर घर से निकला युवक तीन माह से लापता, पुलिस ने दर्ज किया मामला

तुमगांव। महासमुंद जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गुडरूडीह निवासी 24 वर्षीय युवक भेखलाल यादव पिछले तीन माह से लापता है। वह 20 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे बाजा बजाने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटा है। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापता युवक की मां श्रीमती चंद्रिका यादव (50 वर्ष), पति रमेश यादव, निवासी गुडरूडीह ने 24 अक्टूबर 2026 को तुमगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र भेखलाल यादव घर से निकलने के बाद वापस नहीं आया। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 60/26 कायम कर मामले की जांच एवं पतासाजी की। युवक का अब तक पता नहीं चलने तथा उसके ठिकाने और सुरक्षा की स्थिति अज्ञात होने के कारण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
लापता युवक का हुलिया: भेखलाल यादव की उम्र 24 वर्ष, लंबाई लगभग 5 फीट 6 इंच, चेहरा गोल, रंग सांवला और बाल काले हैं। लापता होते समय उसने सफेद रंग की फुल शर्ट और काले रंग की जींस पहन रखी थी। उसके दाहिने हाथ पर फूल का टैटू बना हुआ है। वह कक्षा नौवीं तक पढ़ा है और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलता है।






























