कोमाखान:पुरानी रंजिश में युवक का गला दबाया, हाथ-मुक्कों से की पिटाई

पुरानी रंजिश में युवक का गला दबाया, हाथ-मुक्कों से की पिटाई
कोमाखान। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम खेमड़ा में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान पुरानी बात को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, गांव के तीन लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की, जिससे उसके होंठ से खून निकलने के साथ गर्दन पर खरोंच आई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के पास रावण दहन कार्यक्रम चल रहा था। वह अपने दोस्त कन्हैया लाल बघेल के साथ खड़े होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव के हिरेन्द्र दीवान, हरि पांडे और चैतु पांडे वहां पहुंचे। आरोप है कि पुरानी बात को लेकर तीनों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। हिरेन्द्र दीवान ने पीड़ित का कॉलर पकड़ लिया, जबकि चैतु पांडे ने उसका गला दबाया। इसके बाद तीनों ने मिलकर हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की।
घटना के दौरान कन्हैया लाल बघेल और हरसेवक धृतलहरे ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस में दर्ज शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






























