तुमगांव:पुरानी रंजिश में युवक पर ब्लेड से हमला, गले और पीठ पर किए वार

महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अछोला में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट कर ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक के गले, पीठ और बाएं हाथ में चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जोबा निवासी युवक 20 अक्टूबर 2026 को अपने दोस्त मुकेश गायकवाड, हर्ष सोनवानी और केशव ध्रुव के साथ दो मोटरसाइकिलों से रायपुर जा रहा था। शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच उसकी मोटरसाइकिल ग्राम अछोला में पंचर हो गई। वह ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने मोटरसाइकिल का पंचर बनवा रहा था। इसी दौरान ग्राम अछोला निवासी अज्जू और कामदेव वहां पहुंचे।
पीड़ित के मुताबिक, दोनों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि अज्जू ने अपने पास रखे ब्लेड से युवक के गले और पीठ पर वार किया, जबकि कामदेव ने उसके बाएं हाथ पर हमला कर चोट पहुंचाई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद उसके दोस्तों ने बीच-बचाव किया।
पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।































