बागबाहरा:दुर्गा विसर्जन करने गया था परिवार, पीछे से सूने मकान में चोरी

बागबाहरा। महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम हरनादादर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 80 हजार रुपये की संपत्ति पार कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हरनादादर निवासी कार्तिक यादव (30 वर्ष) राजमिस्त्री का काम करता है। 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर दुर्गा विसर्जन करने गया था। शाम करीब 4 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था।
जांच करने पर अलमारी में रखे सोने के तीन लॉकेट, चांदी की एक जोड़ी पायल, एक चांदी की करधन, जिनकी कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है, तथा 50 हजार रुपये नकद गायब मिले। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात चोर घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी कर ले गया।
कार्तिक यादव की शिकायत पर बागबाहरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है।




























