कोमाखान:पहले जीता भरोसा, फिर लाखों के गहने लेकर चंपत हुईं दो महिलाएं

कोमाखान। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम चंदरपुर में सोने-चांदी के जेवरों की सफाई और नई डिजाइन बनाकर देने का झांसा देकर दो अज्ञात महिलाओं द्वारा करीब 2 लाख 99 हजार रुपये के जेवर ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता श्रीमती लीना साहू की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चंदरपुर निवासी लीना साहू के घर 14 अक्टूबर 2026 को एक अज्ञात महिला पहुंची। उसने पुराने टिन के बर्तन लेकर नए बर्तन बनाकर देने की बात कही। इसके बाद 15 अक्टूबर को वह अपनी एक अन्य महिला साथी के साथ घर आई और पुराने बर्तनों के बदले नया टिन का कढ़ाई दिया। दोनों महिलाओं ने चांदी के जेवरों की डिजाइन कंप्यूटर से स्कैन कर बाहर भेजने और इसके बदले रुपये मिलने का झांसा दिया।
शुरुआत में महिलाओं ने चांदी की बिछिया और पायल लेकर अगले दिन वापस कर दिए। इससे परिवार का भरोसा बढ़ गया। इसके बाद 17 अक्टूबर को दोनों महिलाएं फिर घर पहुंचीं और जेवरों की अच्छी डिजाइन बनवाने के बदले 40-40 हजार रुपये देने का लालच दिया। उनके झांसे में आकर लीना साहू, उनकी सास सुकवारो बाई और देवरानी पूनम साहू ने सोने के लॉकेट, बाली, टॉप्स, झुमके सहित चांदी के पायल, ऐंठी और हाफ करधन समेत कुल करीब 2 लाख 99 हजार रुपये के जेवर उन्हें सौंप दिए।
जेवर लेकर दोनों महिलाएं वहां से चली गईं। परिवार को उम्मीद थी कि महिलाएं जल्द ही जेवर वापस कर देंगी, लेकिन एक-दो दिन इंतजार करने के बाद भी वे नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार से सलाह-मशविरा कर लीना साहू ने 20 अक्टूबर को कोमाखान थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(3), 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल दोनों अज्ञात महिलाओं की पहचान और तलाश के संबंध में जांच की जा रही है।






























