बागबाहरा:युवक से मारपीट के बाद चाकू दिखाकर धमकाया पुलिस ने शुरू की जांच

बागबाहरा। ग्राम जामगांव के ललपुरियापारा निवासी संतोष पटेल ने गांव के ही भोजराम पटेल के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और चाकू दिखाकर धमकाने की शिकायत थाना बागबाहरा में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भोजराम पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, संतोष पटेल ने अपने आवेदन में बताया कि 29 सितंबर को वह अकेले रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान भोजराम पटेल ने पीछे से आकर पैर से मार दिया और वहां से भाग गया। घटना को बोधन दीवान द्वारा देखे जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि भोजराम ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया तथा मोहल्ले के लोगों को भी मारने-पीटने की बात कही।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी द्वारा आए दिन गांव के प्रमुख लोगों से गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी जाती है, जिससे मोहल्लेवासी परेशान हैं। शिकायत के साथ कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी प्रस्तुत किए गए हैं। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।






























