बागबाहरा:मनरेगा कार्यस्थल पर महिला से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी

बागबाहरा। ग्राम जामगांव के ललपुरियापारा में रोजगार गारंटी योजना के तहत काम करने गई एक महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 7 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे ग्राम जामगांव में धनेश ध्रुव की डबरी में रोजगार गारंटी के तहत गोदी खोदने का काम करने गई थी। इसी दौरान ब्रह्मा साहू द्वारा उसके खोदे गए हिस्से में खुदाई करने पर महिला ने मना किया। इस बात को लेकर ब्रह्मा साहू ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वहीं, मौके पर मौजूद इंदलाल साहू ने भी महिला के साथ गाली-गलौज की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान वहां मौजूद कुंती ध्रुव ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। वहीं, खिलेन्द्र साहू, प्रेमलाल साहू और डेरहा ठाकुर घटना के गवाह बताए गए हैं।
महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।



























