बसना:ढाबा में आधी रात को मारपीट और तोड़फोड़, संचालक घायल

बसना। नगर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित गौरी लक्ष्मी ढाबा में 10 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बरगांव निवासी साहिल कुमार और खेमड़ा निवासी रूपेश सेंदरिया ने ढाबा संचालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना में ढाबा संचालक के सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा, वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।
पीड़ित के अनुसार, घटना के समय वह अपने ढाबे में बैठा था। तभी दोनों युवक वहां पहुंचे और ढाबे में काम करने वाले राज चौहान से चिल्लाकर सिगरेट मांगने लगे। इस पर पीड़ित ने उन्हें चिल्लाने से मना किया, तो दोनों कथित रूप से आक्रोशित हो गए और अश्लील गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि साहिल कुमार ने पास में रखी लकड़ी की पटनी से मारपीट की, जबकि रूपेश सेंदरिया ने हाथ-मुक्कों से हमला किया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान साहिल कुमार ने ढाबे में रखी कुर्सियों और बर्तनों को इधर-उधर फेंककर तोड़फोड़ की। घटना के समय ढाबे में काम करने वाले राज चौहान, किशोर वर्मा और निर्मल दास मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना। मारपीट के बाद दोनों युवक वहां से चले गए।
पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5), 324(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।





























