तेदुकोना:शराब के नशे में बेटे ने पिता पर फावड़े से किया हमला, सिर में लगी चोट

तेन्दुकोना। महासमुंद जिले के बुंदेली गांव में शराब के नशे में एक युवक द्वारा अपने पिता के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। गाली-गलौज करने से मना करने पर युवक ने आंगन में रखे फावड़े (रापा) से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट लगी और खून निकलने लगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:40 बजे की है। बुंदेली के बीचपारा निवासी प्रशांत साहू ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर में था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई बालेश कुमार साहू शराब के नशे में घर पहुंचा और हंगामा करते हुए गाली-गलौज करने लगा।
आवाज सुनकर पिता रिखीराम साहू आंगन में आए और बालेश को शराब पीने तथा गाली-गलौज करने से मना किया। इस बात पर बालेश नाराज हो गया और पिता को अपशब्द कहते हुए आंगन में रखे फावड़े से हमला कर दिया। हमले में रिखीराम साहू के सिर और माथे पर चोट लगी तथा खून निकलने लगा।
प्रशांत साहू के अनुसार, घटना के दौरान उसकी मां जानकी साहू भी मौजूद थीं। दोनों ने घटना देखी और बीच-बचाव किया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
तेन्दुकोना पुलिस ने आरोपी बालेश कुमार साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।































