तुमगांव:काम पर नहीं जाने का कारण पूछा तो पति ने की मारपीट, गले में कसा तार

तुमगांव। महासमुंद जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़सिवनी में पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर अश्लील गाली-गलौज करने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा चार्जर के तार से गला कसने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम गढ़सिवनी निवासी चंचल उपाध्याय (23 वर्ष) ने करीब दो वर्ष पहले गुढ़ियारी में रहते हुए मनोज सोनकर से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों गांव में रहकर काम करते थे। वर्तमान में पति-पत्नी अपने माता-पिता से अलग रह रहे हैं।
महिला के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को उसका पति मनोज सोनकर काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन काम पर जाने के बजाय अपने माता-पिता के कमरे में रुक गया। शाम करीब 5 बजे जब वह घर लौटा, तो पत्नी ने काम पर नहीं जाने का कारण पूछा। इस पर पति ने उसे अपने माता-पिता से अलग करने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि पति ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, उसने चार्जर के तार से खींचकर पत्नी के गले में तार लपेटकर कस दिया। मारपीट के कारण महिला के दाहिने कान और गले में दर्द होने की बात कही गई है। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।





























